कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने बुधवार को जनपद क्षेत्र नलखेड़ा के ग्राम खेलागांव में कृषक श्री दिनेश पाटीदार के खेत पर पहुंचकर संतरा फलोद्यान का अवलोकन किया। कलेक्टर ने कृषक से फलोद्यान की खेती से होने वाले लाभ, विपणन व्यवस्था, उद्यानिकी विभाग से प्राप्त होने वाले मार्गदर्शन तथा उत्पादित संतरा के विक्रय की सुविधा आदि के संबंध में चर्चा कर जानकारी ली। उन्होंने किसान के खेत में खड़ी सोयाबीन की फसल का भी निरीक्षण किया और सोयाबीन की उत्पादकता के बारे में चर्चा की।

इस भ्रमण के दौरान कलेक्टर डॉ. मीना ने नलखेड़ा के समीपस्थ पाटीदार फार्म हाउस पर युवा उद्यमी एवं कृषक श्री अनिल पाटीदार द्वारा प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के तहत स्थापित ‘‘शुभ स्वास्तिक आटा मिल’’ का निरीक्षण किया।

कलेक्टर ने श्री पाटीदार द्वारा आटा तैयार कर ‘‘शुभ स्वास्तिक फ्रेश आटा’’ ब्रांड नाम से विक्रय, इससे होने वाले लाभ, उद्यानिकी विभाग से प्राप्त सहायता एवं उद्योग के सफल संचालन के संबंध में चर्चा कर जानकारी ली। उन्होंने युवा उद्यमी श्री पाटीदार द्वारा आटा मिल के सफल संचालन की सराहना भी की। कलेक्टर ने श्री पाटीदार के खेत में औषधीय फसल तुलसी का अवलोकन भी किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री बी.एस. सोलंकी, वरिष्ठ उद्यान विकास अधिकारी श्री अरविन्‍द परमार एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।