शासकीय मॉडल स्कूल बिरसा में इमोशनल वेल बीइंग एवं लाइफ स्किल्स कार्यक्रम के अंतर्गत ‘उमंग दिवस’ उत्साह और सकारात्मक वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि शासकीय महाविद्यालय मलांजखंड के सहायक प्राध्यापक श्री राजेंद्र कुमार पिवहरे, निकाय प्रतिनिधि एवं पार्षद श्री राजेंद्र राहंगडाले तथा स्कूल मैनेजमेंट कमेटी (SMC) के सदस्यों की उपस्थिति में मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने ‘रंग-ए-उमंग संकल्प दीवार’ तैयार कर अपनी आकांक्षाओं, सकारात्मक सोच और भविष्य के लक्ष्यों को अभिव्यक्त किया। मुख्य अतिथि श्री पिवहरे ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों और सकारात्मक बदलावों का उल्लेख किया।
उन्होंने विद्यार्थियों के लिए जल्द ही विशेष कैरियर गाइडेंस वर्कशॉप आयोजित करने की घोषणा भी की। इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए रैपिड फायर क्विज आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विजेता विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने ‘अडिग सकारात्मकता’ की शपथ ली।संस्था प्राचार्य श्री सौरभ कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को चुनौतियों के बीच भी सकारात्मक सोच के साथ निरंतर प्रयास करते हुए अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का आयोजन उमंग-कौशल कार्यक्रम प्रभारी एवं उच्च माध्यमिक शिक्षक श्री पुष्पेंद्र कुमार पालके के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण एवं अतिथि शिक्षक उपस्थित रहे।







