‘सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह के निर्देशन में शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय बड़वानी में ‘विकसित भारत की संकल्पना’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया।
तकनीकी विकास, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, नवाचार, आत्मनिर्भरता एवं राष्ट्र निर्माण जैसे विभिन्न विषयों को विद्यार्थियों ने अपनी कलाकृतियों में रचनात्मक ढंग से अभिव्यक्त किया। कार्यक्रम का आयोजन प्रभारी प्राचार्य श्री टीएल ठाकुर के मार्गदर्शन एवं नोडल अधिकारी श्री प्रदीप राठौर के समन्वय में किया गया।
प्रभारी प्राचार्य श्री टी एल ठाकुर ने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा एवं विचारों को प्रभावी ढंग से व्यक्त करने का अवसर प्रदान करती हैं। ‘विकसित भारत’ की संकल्पना को साकार करने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है और विद्यार्थियों में राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता एवं सकारात्मक सोच विकसित करना आवश्यक है।
नोडल अधिकारी श्री प्रदीप राठौर ने बताया कि प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को ‘विकसित भारत’ की संकल्पना को अपनी कल्पनाशीलता एवं रचनात्मक सोच के माध्यम से प्रस्तुत करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियानदृ2026’ के अंतर्गत आयोजित ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी, नवाचार एवं राष्ट्र निर्माण की भावना को प्रोत्साहित करती हैं।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया तथा अपनी कलाकृतियों के माध्यम से विकसित भारत के प्रति अपने विचारों एवं संकल्प को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर महाविद्यालय के द्वारा सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों एवं सहयोगी स्टाफ सदस्यों का उत्साहवर्धन किया गया।
इस अवसर पर संस्था के वरिष्ठ व्याख्याता श्री पी. एस. रावत गणित, श्री तरुण सोलंकी विभागाध्यक्ष सिविल, श्री गौरव दाणे व्याख्याता सिविल, श्री राकेश चौबे, श्रीमती भूमिका पाटीदार, श्रीमती तरुणा पाचुरेकर, श्री सचिन शर्मा एवं श्री संजय परमार उपस्थित रहे।






