कृषि रोड मैप के अंतर्गत जिले के खातेगांव विकासखंड के ग्राम सुकरास में भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान हैदराबाद के सहयोग से एक दिवसीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में किसानों को तिलहन फसलों की मूल्य श्रृंखला के विकास, उन्नत कृषि तकनीकों एवं फसल उत्पादन बढ़ाने के उपायों के संबंध में किसानों को विस्तार से जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण में संस्थान से आए प्रमुख वैज्ञानिक श्री जी.वी. सतीश एवं डॉ. के. रमेश ने तिलहन फसलों की मूल्य श्रृंखला के विकास के संबंध में किसानों को जानकारी दी। डॉ. सतीश ने अल नीनो के संभावित प्रभावों को देखते हुए कम पानी में उत्पादित होने वाली कुसुम, सरसों एवं अलसी की विभिन्न प्रजातियों के विशेष गुणधर्मों के बारे में बताया। उन्होंने इन फसलों की बुवाई की विधि, उत्पादन क्षमता, रोग एवं कीटों से बचाव तथा उत्पादन के बाद मूल्य संवर्धन की तकनीकों की जानकारी भी दी।

कृषक संगोष्ठी में कृषि विज्ञान केंद्र से डॉ. आर.पी. शर्मा ने रबी मौसम की प्रमुख फसलों गेहूं, चना एवं सरसों में लगने वाले रोगों, कीट नियंत्रण तथा रासायनिक कृषि के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। अनुविभागीय कृषि अधिकारी श्री एन.एच. गुर्जर ने किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी देते हुए मृदा के पोषक तत्वों, नरवाई प्रबंधन एवं मृदा स्वास्थ्य पत्रक के महत्व के बारे में बताया।

उद्यानिकी विभाग के उद्यान विस्तार अधिकारी डॉ. महेन्द्र गुर्जर ने खाद्य प्रसंस्करण के महत्व तथा ड्रिप, स्प्रिंकलर एवं मल्चिंग तकनीक के लाभों की जानकारी किसानों को दी। प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत फसल उत्पादन पद्धतियों एवं मूल्य संवर्धन के प्रति जागरूक कर उनकी आय में वृद्धि के लिए प्रोत्साहित करना रहा।