केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने ग्राम पंचायत मड़िया में पंचायत भवन एवं लाइब्रेरी का किया निरीक्षण

एमपीपीएससी असिस्टेंट प्रोफेसर परीक्षा में चयनित अंकिता दांगी को किया सम्मानित

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय (भारत सरकार) के केंद्रीय मंत्री एवं टीकमगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने आज ग्राम पंचायत मड़िया पहुंचकर पंचायत भवन एवं पंचायत भवन में संचालित लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पंचायत स्तर पर संचालित गतिविधियों एवं उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े, तहसीलदार श्री शुभम मिश्रा एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने ग्राम पंचायत मड़िया निवासी सुश्री अंकिता दांगी पिता श्री पूरन सिंह दांगी को एमपीपीएससी असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर चयनित होने पर सम्मानित किया। उन्होंने सुश्री अंकिता दांगी को उनकी सफलता के लिए बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने वाले युवाओं की उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों एवं युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक होती हैं। उन्होंने अंकिता दांगी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे भी निरंतर प्रगति करने के लिए शुभकामनाएं दीं।

केंद्रीय मंत्री डॉ. कुमार ने कहा कि आपकी यह सफलता केवल आपकी व्यक्तिगत विजय नहीं है, बल्कि यह आपके माता-पिता, गुरुजनों और पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाने वाली उपलब्धि है। आपके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए मैं यह ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि आप आगे भी जीवन के हर मोड़ पर इसी तरह निरंतर प्रगति करती रहें और सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करें।

मैं हमेशा से मानता हूँ कि जब कोई युवा साथी अपनी प्रतिभा और संघर्ष से सफलता के शिखर को छूता है, तो उसकी उपलब्धि केवल एक परिणाम नहीं होती, बल्कि वह अन्य लाखों युवाओं और विद्यार्थियों के लिए एक जीवंत प्रेरणा बन जाती है। अंकिता का यह सफर हमारे अन्य सभी विद्यार्थियों को भी यह विश्वास दिलाता है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और प्रयास में ईमानदारी हो, तो कोई भी मंजिल पाना असंभव नहीं है।

इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि श्री राजेश पटेरिया, पृथ्वीपुर के पूर्व विधायक डॉ. शिशुपाल यादव, नगर परिषद पृथ्वीपुर की अध्यक्ष श्रीमती नीलू खटीक, श्री राजेश साहू, मड़िया सरपंच श्री संजय सिंह दांगी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण जन उपस्थित रहे।