ग्वालियर दक्षिण में सामाजिक न्याय, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह की पहल पर मूलभूत सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। इस कड़ी में इस क्षेत्र के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 52 में 36.90 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड का निर्माण कराया जाएगा।

गुड़ा-गुड़ी का नाका स्थित डांग वाले बाबा, फर्श वाली गली में मुख्यमंत्री अधोसंरचना सीएम मॉनिट योजना के तहत बनने वाली इस सड़क का भूमि पूजन मंत्री श्री कुशवाह ने क्षेत्र की कन्याओं के हाथों कराया। इस अवसर पर मंत्री श्री कुशवाह ने कहा कि नागरिकों को बेहतर सड़क, सुगम आवागमन और आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। ग्वालियर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में योजनाबद्ध ढंग से विकास कार्य कराए जा रहे हैं।

प्रत्येक वार्ड में आवश्यकतानुसार अधोसंरचना सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 36.90 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सीसी रोड से स्थानीय नागरिकों को आवागमन में सुविधा होगी और क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही सड़क संबंधी आवश्यकता भी पूरी होगी। ग्वालियर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए विकास कार्यों का यह क्रम निरंतर जारी रहेगा। शुक्रवार हुए सीसी रोड के भूमि पूजन अवसर पर पार्षद श्रीमती संध्या सोनू कुशवाह सहित अन्य क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि गण मौजूद थे।