कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के मार्गदर्शन एवं परिवहन आयुक्त मध्यप्रदेश श्री उमेश जोगा के निर्देशानुसार क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री प्रदीप शर्मा के नेतृत्व में परिवहन विभाग द्वारा यात्री बसों की सुरक्षा मानकों को लेकर सघन एवं आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान तीन इमली बस स्टैंड पर यात्री बसों की सघन चेकिंग की गई। इस दौरान बसों में फायर एक्सटिंग्विशर, इमरजेंसी गेट, फर्स्ट एड बॉक्स एवं वाहन की सामान्य स्थिति सहित यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मानकों का निरीक्षण किया गया।

चेकिंग अभियान में ट्रैफिक पुलिस की टीम भी परिवहन विभाग के साथ मौजूद थी। सहायक पुलिस आयुक्त ट्रैफिक श्री हिंदू सिंह मुवेल अपनी टीम के साथ मौके पर उपस्थित रहे और यात्री बसों की जांच एवं कार्रवाई में सहयोग किया।

चेकिंग के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कुल 54 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया गया। एक बस का मौके पर फिटनेस निरस्त किया गया तथा एक बस को जब्त किया गया। इसके अलावा वर्ल्ड कप चौराहा क्षेत्र में भी यात्री वाहनों की चेकिंग की गई। उक्त कार्यवाही आरटीओ श्री प्रदीप शर्मा,एडिशनल आर.टी.ओ. श्री राजेश गुप्ता एवं परिवहन निरीक्षक श्री आकाश सिटोले द्वारा की गई।