मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के अंतर्गत आयोजित होने वाले स्कूटी वितरण कार्यक्रम का जिले के शासकीय विद्यालयों में वेबकास्ट के माध्यम से सीधा प्रसारण किया जाएगा। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह के निर्देशन में जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. अनिल कुशवाहा ने जिले के समस्त विकासखंड शिक्षा अधिकारियों तथा शासकीय हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के प्राचार्यों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
निर्देशानुसार मुख्यमंत्री स्कूटी योजना अंतर्गत 19 सितंबर को प्रातः 9 बजे भोपाल के शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शिवाजी नगर में स्कूटी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
जिला शिक्षा अधिकारी ने निर्देशित किया है कि जिले के सभी शासकीय विद्यालयों में कार्यक्रम का वेबकास्ट के माध्यम से सीधा प्रसारण सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए विद्यालयों में इंटरनेट कनेक्टिविटी, स्क्रीन, प्रोजेक्टर अथवा अन्य आवश्यक तकनीकी संसाधनों सहित सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने विकासखंड शिक्षा अधिकारियों एवं विद्यालयों के प्राचार्यों को अधिक से अधिक विद्यार्थियों को कार्यक्रम से जोड़ने तथा वेबकास्ट प्रसारण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कार्यक्रम के संबंध में जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।





