पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा जिले के विकासखंड करेली एवं चांवरपाठा में विकासखंड स्तरीय व्याख्यान कार्यक्रम एवं कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रमों में पं. दीनदयाल उपाध्याय के जीवन, व्यक्तित्व एवं विचार-दर्शन, विशेषकर एकात्म मानववाद, अंत्योदय, सामाजिक समरसता एवं जनकल्याण की अवधारणाओं पर विचार-विमर्श किया गया।
करेली में व्याख्यान कार्यक्रम आयोजित
विकासखंड करेली में शासकीय सांदीपनि विद्यालय में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम की कक्षा के अंतर्गत व्याख्यान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में श्री कमलेश कौरव, श्री आकाश दुबे, श्री विजय चौधरी मौजूद थे। श्री कमलेश कौरव ने पं. दीनदयाल उपाध्याय के संपूर्ण जीवन दर्शन पर प्रकाश डालते हुए भारतीय संस्कृति एवं परंपरा के साथ व्यक्ति, समाज, मानव और प्रकृति के परस्पर संबंधों के संबंध में चर्चा की। श्री आकाश दुबे ने एकात्म मानववाद एवं अंत्योदय की अवधारणा तथा शरीर, मन, बुद्धि और आत्मा के साथ चार पुरुषार्थ के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। विकासखंड समन्वयक श्रीमती माधवी पाठक ने कार्यक्रम की भूमिका एवं प्रस्तावना प्रस्तुत की।
कार्यक्रम के दौरान सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू के छात्र-छात्राओं के लिए रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने जल संरक्षण एवं जल संवर्धन, नशा मुक्ति तथा वर्ष विकसित भारत की संकल्पना पर रंगोली एवं चित्रकला के माध्यम से संदेश दिए। प्रतियोगिता के बाद विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित प्रतिभागियों को नशा मुक्ति एवं स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।
चांवरपाठा में विकासखंड स्तरीय कार्यशाला संपन्न
विकासखंड चांवरपाठा में उत्कृष्ट विद्यालय चांवरपाठा में विकासखंड स्तरीय व्याख्यानमाला एवं कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में महंत श्री रघुनाथ दास महाराज श्री भगवान उपाध्याय, ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन एवं एकात्म मानववाद के दर्शन पर विचार व्यक्त किए।




