कलेक्टर श्री गौरव बैनल की अध्यक्षता में शासकीय विद्यालयों में स्मार्ट क्लास रूम के माध्यम से विद्यार्थियों को एनईईटी की ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराने के संबंध में शासकीय विद्यालयों के प्राचार्यों एवं शिक्षकों के साथ बैठक आयोजित हुई। बैठक में कलेक्टर ने बताया कि सिंगरौली ब्लॉक में सीएसआर के माध्यम से संचालित नीट की ऑनलाइन कोचिंग के सफल अनुभव के बाद अब इसका विस्तार बरगवां, देवसर एवं चितरंगी ब्लॉक में किया जा रहा है। देवसर, बरगवां एवं चितरंगी के मॉडल एवं एक्सीलेंस स्कूलों तथा बरगवां के कन्या शिक्षा परिसर एवं एकलव्य विद्यालय के जीव विज्ञान विषय के 200 से अधिक विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित एलन करियर इंस्टीट्यूट की ऑनलाइन एनईईटी कोचिंग से जोड़ा जाएगा, जिसका संचालन इस सप्ताह के अंत से प्रारंभ किया जाएगा।

कलेक्टर ने ऑनलाइन कक्षाओं के सफल संचालन के लिए विद्यालयों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों को नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित कराने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि ऑनलाइन कक्षाओं के सुचारु संचालन के लिए सभी प्राचार्य एवं शिक्षक अपने-अपने विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, इंटरनेट कनेक्टिविटी सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करें। उन्होंने उचित इंटरनेट प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को ऑनलाइन अध्ययन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।बैठक में कलेक्टर ने कहा कि विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने के उद्देश्य से बेहतर तैयारी कराई जाए। प्रत्येक विद्यार्थी में प्रतियोगी परीक्षाओं को उत्तीर्ण करने की क्षमता होती है, आवश्यकता केवल उन्हें उचित मार्गदर्शन एवं अवसर उपलब्ध कराने की है। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि वे विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाएं तथा उन्हें नियमित रूप से ऑनलाइन कोचिंग कक्षाओं में उपस्थित होने के लिए प्रेरित करें। कलेक्टर ने कहा कि जिले के शासकीय विद्यालयों में पढ़ने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को मेडिकल प्रवेश परीक्षा की बेहतर तैयारी का अवसर देना इस पहल का उद्देश्य है, ताकि सिंगरौली के बच्चों के डॉक्टर बनने के सपने को मजबूत शैक्षणिक आधार मिल सके। इस पहल के माध्यम से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित संस्थाओं के माध्यम से निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण कोचिंग सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि आर्थिक एवं भौगोलिक परिस्थितियां उनकी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में बाधा न बनें। उन्होंने शिक्षकों से इस पहल को प्रभावी बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। बैठक के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग रेखा पंचाल सहित विद्यालयों के प्राचार्यगण उपस्थित रहे।