भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण ( SSR)- 2027 के अंतर्गत मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के जिला प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों की निर्वाचक नामावली के प्रारूप प्रकाशन, पुनरीक्षण कार्यक्रम, मतदाताओं की संख्या, मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण तथा बूथ लेवल एजेंट ( BLA) की नियुक्ति सहित निर्वाचन संबंधी महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रमुख तिथियां एवं विशेष शिविर
बैठक में बताया गया कि जिले की सभी पांचों विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन 12 नवम्बर, 2026 को कर दिया गया है। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, कटवाने या संशोधन कराने के लिए 12 नवम्बर से 11 दिसम्बर, 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इसके अतिरिक्त मतदाताओं की सुविधा के लिए 21 व 22 नवम्बर तथा 5 व 6 दिसम्बर, 2026 को विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। प्राप्त दावे और आपत्तियों का निराकरण 28 दिसम्बर, 2026 तक किया जाएगा और मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी, 2027 को होगा।
जिले में 38,823 नए मतदाता जुड़े, ब्यावरा में सर्वाधिक मतदाता
प्रारूप मतदाता सूची के अनुसार जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 11,46,244 मतदाता दर्ज हैं, जिनमें 5,92,402 पुरुष, 5,53,836 महिला एवं 6 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। जिले का जेंडर रेशियो 935 तथा ईपी रेशियो 59.34 प्रतिशत है। 23 दिसम्बर, 2025 से 12 नवम्बर, 2026 के बीच जिले में कुल 38,823 मतदाताओं की वृद्धि हुई है। विधानसभावार स्थिति देखें तो ब्यावरा में सर्वाधिक 2,38,354, नरसिंहगढ़ में 2,37,750, खिलचीपुर में 2,33,613, राजगढ़ में 2,30,287 तथा सारंगपुर में 2,06,240 मतदाता दर्ज हैं।
युवा एवं दिव्यांग मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी
जिले की मतदाता सूची में 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 14,715 युवा मतदाता, 20 से 29 वर्ष के 2,72,218 तथा 30 से 39 वर्ष आयु वर्ग के 2,73,785 मतदाता शामिल हैं। इसके साथ ही जिले में कुल 14,335 दिव्यांग मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 9,195 पुरुष एवं 5,140 महिला मतदाता हैं। विधानसभावार नरसिंहगढ़ में 3,417, राजगढ़ में 3,277, खिलचीपुर में 2,811, ब्यावरा में 2,738 तथा सारंगपुर में 2,092 दिव्यांग मतदाता दर्ज हैं।
जिले में अब कुल 1,499 मतदान केंद्र
मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण के तहत पूर्व से संचालित 1,496 मतदान केंद्रों के अतिरिक्त 3 नए मतदान केंद्र (नरसिंहगढ़ में 1 और खिलचीपुर में 2) प्रस्तावित किए गए हैं। इससे जिले में कुल मतदान केंद्रों की संख्या बढ़कर 1,499 हो गई है। ब्यावरा, राजगढ़ और सारंगपुर विधानसभा क्षेत्रों में किसी भी केंद्र पर 1,200 से अधिक मतदाता नहीं होने के कारण वहां नए केंद्र नहीं बढ़ाए गए हैं।
राजनीतिक दलों से बीएलए नियुक्त करने एवं सहयोग की अपील
बैठक में उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अंतिम मतदाता सूची व मतदान केंद्रों की सूची की हार्ड कॉपी तथा फोटो रहित डीवीडी उपलब्ध कराई गई। अधिकारियों ने सभी दलों से आग्रह किया कि वे पारदर्शिता बनाए रखने के लिए अपने-अपने मतदान केंद्रों पर शीघ्र बूथ लेवल एजेंट ( BLA) नियुक्त करें। साथ ही 1 जनवरी, 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र युवाओं का नाम प्रपत्र-6 (घोषणा पत्र सहित) के माध्यम से जुड़वाने, नाम हटवाने हेतु प्रपत्र-7 तथा संशोधन हेतु प्रपत्र-8 के लिए आमजन को जागरूक करने में सक्रिय सहयोग प्रदान करने की अपील की गई।



