भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय तथा मध्यप्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग के माध्यम से प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत जिले में 18 नवंबर 2026 को एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर प्रधानमंत्री कौशल विकास केंद्र, सियाराम टावर, बिनेका तिराहा, मण्डला में प्रातः 10 बजे से आयोजित होगा।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी, जिला पंचायत मण्डला द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार शिविर में जिले के योजना से संबंधित हितग्राहियों को विषय विशेषज्ञों द्वारा विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। इसमें उत्पादों के विक्रय की रणनीति, पैकेजिंग, डिजाइनिंग, वित्तीय साक्षरता, बैंकिंग संबंधी प्रक्रियाओं तथा ऋण से संबंधित समस्याओं के निराकरण के संबंध में जानकारी दी जाएगी।
इसके साथ ही उत्पादों की ब्रांडिंग एवं विपणन के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित प्रशिक्षण, उद्यमिता विकास तथा उत्पादों के मूल्य निर्धारण की प्रक्रिया एवं रणनीतियों से अवगत कराया जाएगा।
जिला प्रशासन एवं ग्रामोद्योग विभाग द्वारा जिले के समस्त संबंधित विश्वकर्मा हितग्राहियों से निर्धारित तिथि एवं समय पर शिविर में उपस्थित होकर प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन का लाभ प्राप्त करने की अपील की गई है। योजना एवं शिविर के संबंध में अधिक जानकारी के लिए कार्यालयीन समय में मोबाइल नंबर 8989723206 अथवा 9859500194 पर संपर्क किया जा सकता है।



