मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष प्रयाग लाल दिनकर के मार्गदर्शन में 14 से 20 नवंबर 2026 तक न्यायोत्सवः विधिक सेवा सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीधी द्वारा सोमवार को जिला जेल सीधी में बंदियों के मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य तथा समग्र कल्याण को ध्यान में रखते हुए विशेष स्वास्थ्य परीक्षण, योग एवं विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।

शिविर के प्रथम चरण में बंदियों के मानसिक स्वास्थ्य एवं तनाव प्रबंधन के लिए योगाभ्यास, प्राणायाम एवं मेडिटेशन (ध्यान) कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके माध्यम से बंदियों को मानसिक शांति, सकारात्मक सोच एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर जिला विधिक सहायता अधिकारी मनीष कौशिक ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मन, शरीर और आत्मा का समन्वय है। यह व्यक्ति को तनावमुक्त, अनुशासित एवं सक्रिय बनाता है। विधिक सेवा प्राधिकरण समाज में स्वस्थ एवं जागरूक नागरिकों के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।

शिविर के द्वितीय चरण में जिला चिकित्सालय के समन्वय से चिकित्सकों द्वारा बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें चिकित्सकीय परामर्श एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

तृतीय चरण में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम टीम एवं पैनल अधिवक्ताओं द्वारा विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इसमें बंदियों को उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया, न्यायालयीन प्रकरणों में उपलब्ध विधिक सहायता तथा जेल से रिहाई के पश्चात समाज की मुख्यधारा में पुनर्स्थापना एवं पुनर्वास से संबंधित योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी दी गई।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रयाग लाल दिनकर ने बंदियों को विधिक सहायता, अपील एवं जमानत के अधिकार, प्ली बार्गेनिंग तथा सालसा की योजनाओं के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बंदियों से उनके अधिवक्ताओं, जेल में भोजन की गुणवत्ता, चिकित्सकीय सुविधाओं, परिजनों से मुलाकात तथा अन्य समस्याओं के संबंध में चर्चा कर उनकी समस्याएं भी जानीं।

कार्यक्रम में विशेष न्यायाधीश यतीन्द्र कुमार गुरु, प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय दीपक शर्मा, प्रथम जिला न्यायाधीश राकेश कुमार सोनी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट विनोद कुमार वर्मा, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी सरिता चौधरी, सोनू जैन, अर्पिता त्रिपाठी एवं धीरज आर्य तथा जिला विधिक सहायता अधिकारी मनीष कौशिक उपस्थित रहे।

इसके अतिरिक्त जेल अधीक्षक रविशंकर सिंह, चिकित्सक डॉ. के.बी. प्रजापति, डॉ. अंकित अवधिया, डॉ. संदीप गुप्ता, डॉ. हिमेश पाठक, डॉ. मोहम्मद उजैर, डॉ. अविनाश पाण्डेय एवं डॉ. प्रिया शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कुलदीप तिवारी, अनुराग पयासी, सौरभ सोनी, सुनील रजक, प्रिया द्विवेदी, श्रवण शुक्ला (जिला सांस्कृतिक प्रभारी), आदर्श अभिनय मिश्रा (जिला योग प्रभारी), ग्रिजेश सिंह (योग शिक्षक) तथा शिक्षक शैलेन्द्र सिंह, के.पी. सिंह, इन्द्रभान सिंह, राम जी शुक्ला एवं अम्बिकेश शुक्ला ने सहभागिता की।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल देवेन्द्र प्रसाद मिश्रा, डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल बाबू लाल सिंह तथा असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल सत्यप्रकाश पाण्डेय, देवेन्द्र प्रसाद द्विवेदी एवं ऋषभ सिंह उपस्थित रहे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारी कुमोध यादव, ज्योति वर्मा, राजेश प्रताप सिंह, सविता सिंह एवं विनोद कुमार केवट तथा पैरालीगल वॉलेंटियर संजीव कुमार सिंह, पूजा द्विवेदी एवं शिव बहादुर सिंह सहित जिला जेल सीधी का स्टाफ उपस्थित रहा।

शिविर के माध्यम से बंदियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उनके कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता एवं समाज की मुख्यधारा में पुनर्वास के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्रदान की गई।