कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल ने पशुपालन विभाग एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों को जिले की सभी गौशालाओं में गोवर्धन पूजा के कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा है कि गोवर्धन पूजा के अवसर पर गौशालाओं में विधि-विधान से गौपूजन कराया जाए तथा गाय के सामाजिक, आर्थिक एवं सांस्कृतिक महत्व से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार प्रतियोगिता के अंतर्गत वृंदावन ग्राम के विजेता पशुपालकों को निकटवर्ती गौशालाओं में आमंत्रित कर शाल, श्रीफल, पगड़ी एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाए।

कलेक्टर ने कहा कि गोवर्धन पूजा के माध्यम से पशुपालकों को शासन द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे प्रोत्साहन, अनुदान एवं तकनीकी सहायता की जानकारी दी जाए। साथ ही पशुपालकों को दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रेरित किया जाए।