कृषि, किसान एवं सहकारिता को समर्पित एक दिवसीय कृषि अधिकारी प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन कृषि विज्ञान केंद्र, शिवपुरी में किया गया। इस कार्यक्रम में इफको के नवाचारों, उन्नत उर्वरकों और किसानों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई, जिसमें जिलेभर से आए कृषि अधिकारियों और मैदानी अमले ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में इफको भोपाल के राज्य विपणन प्रबंधक श्री आर.के.एस. राठौड़ तथा इफको किसान फाइनेंस दिल्ली से श्री अभिषेक कुमार उपस्थित रहे। कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि के रूप में उपसंचालक कृषि श्री मुनेश कुमार शाक्य, कृषि विज्ञान केंद्र शिवपुरी के प्रमुख डॉ. पुनीत कुमार राठौर, वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. मुकेश कुमार भार्गव सहित सभी ब्लॉकों के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी और आत्मा प्रभारी समेत लगभग 40 विभागीय स्टाफ ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

खास बातें

  • वहीं, कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख डॉ. पुनीत कुमार ने किसानों के उत्थान के लिए चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों और मृदा स्वास्थ्य (सॉयल हेल्थ) पर प्रकाश डाला।
  • कार्यक्रम का समापन इफको प्रतिनिधि श्री हरेराम बिरले के संबोधन और आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।

कार्यक्रम के दौरान श्री आर.के.एस.राठौड़ ने इफको के नवाचार उत्पादों, विशिष्ट उर्वरकों तथा किसानों के लिए अत्यंत उपयोगी संकट हरण बीमा योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं, कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख डॉ. पुनीत कुमार ने किसानों के उत्थान के लिए चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों और मृदा स्वास्थ्य (सॉयल हेल्थ) पर प्रकाश डाला। इसके साथ ही, वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. मुकेश कुमार भार्गव ने पराली मुक्त मध्यप्रदेश अभियान के तहत जिले में किए जा रहे प्रयासों से सभी को अवगत कराया।

उपसंचालक कृषि श्री मुनेश कुमार शाक्य ने वर्तमान में जिले में खाद वितरण की सुचारू व्यवस्था (टोकन प्रणाली), पराली प्रबंधन तथा बायो-डिकम्पोजर एवं बायो-फर्टिलाइजर के उपयोग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने समस्त फील्ड स्टाफ को प्रेरित करते हुए कहा कि वे नैनो यूरिया और नैनो डी.ए.पी. के फायदों को अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाएं ताकि रासायनिक खादों का संतुलित उपयोग हो सके।

कार्यक्रम का समापन इफको प्रतिनिधि श्री हरेराम बिरले के संबोधन और आभार प्रदर्शन के साथ हुआ। इस अवसर पर इफको की समस्त फील्ड टीम भी विशेष रूप से मौजूद रही। इस प्रशिक्षण से मैदानी अमले को किसानों के बीच बेहतर कार्य करने और आधुनिक कृषि तकनीकों का प्रचार-प्रसार करने में सुगमता मिलेगी।