अनुकंपा नियुक्ति योजना के तहत शिक्षा विभाग अंतर्गत सीधी जिले के 18 नव नियुक्त लोकसेवकों को 21 अक्टूबर 2026 को भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। इनमें सहायक ग्रेड-3 के 15 तथा भृत्य पद के 3 कर्मचारी शामिल हैं। मुख्यमंत्री, मध्यप्रदेश शासन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के सभी चयनित कर्मचारियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, सीधी द्वारा दिए गए हैं। सभी नव नियुक्त लोकसेवकों को निर्धारित तिथि एवं समय पर कार्यक्रम में उपस्थित होने के लिए कहा गया है।
सहायक ग्रेड-3 पद पर नियुक्त होने वाले कर्मचारियों में सुधांशु अग्निहोत्री, प्रफुल्ल कुमार निगम, मुन्नालाल साकेत, अनुराग विश्वकर्मा, सचिन कुमार दीवान, महेश सिंह, अजय सिंह कुशराम, विवेक सिंह, दीपक कुमार यादव, पुष्पराज पटेल, संजीव कुमार सेन, आलोक शिखर जौहरी, प्रियंका रावत, प्रीती साकेत एवं सत्यम सिंह शामिल हैं। वहीं, भृत्य पद पर अनीत कुमार कोल, राजीव लोचन सिंह एवं गुड्डी बाई को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
अनुकंपा नियुक्ति योजना के माध्यम से दिवंगत शासकीय सेवकों के आश्रितों को शासकीय सेवा में अवसर प्रदान कर उनके परिवारों को आर्थिक संबल एवं आजीविका की सुरक्षा उपलब्ध कराई जाती है। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, सीधी द्वारा सभी चयनित नव नियुक्त लोकसेवकों से राज्य स्तरीय समारोह में अनिवार्य रूप से सहभागिता सुनिश्चित करने की अपेक्षा की गई है।
