जिले के नवागत कलेक्टर श्री कुमार सत्यम ने सोमवार को सहकारिता, कृषि एवं विपणन संघ के अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में उर्वरक वितरण व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होने निर्देश दिये कि जिले में खाद की उपलब्धता व बुक किये गये टोकन की संख्या एवं वितरण व्यवस्था का ब्यौरा प्रतिदिन उनके समक्ष रखा जाए। कलेक्टर ने कहा कि किसानों को उर्वरक की उपलब्धता में दिक्कत न हो, इस बात के लिये सभी सजग रहें। जिले के एसडीएम एवं तहसीलदार भी उर्वरक वितरण व्यवस्था पर अपनी पैनी निगरानी रखें। उन्होने कहा कि कहीं भी बगैर टोकन के उर्वरक न बिके इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए। बैठक में उन्होने रबी सीजन में बुआई व्यवस्था एवं फसलों की स्थिति की भी जानकारी ली। साथ ही उद्यानिकी फसलों को बढ़ावा देने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने कहा कि चिया सीड के अच्छी कीमतों को देखते हुए जिले में चिया सीड उत्पादन को बढ़ावा दिया जाए।
स्वामित्व योजना में समयबद्ध कार्य हो
इसके पहले कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों से चर्चा करते हुए स्वामित्व रजिस्ट्री के कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के भी निर्देश दिये। उन्होने दुर्गा उत्सव एवं दशहरे के आयोजन की तैयारियों की भी राजस्व के अधिकारियों से जानकारी ली। साथ ही त्यौहार के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिये अधिकारियों को निर्देश दिये।

