किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा किसानों को फसल कटाई के बाद खेतों में बची पराली नहीं जलाने तथा उसका उचित प्रबंधन करने की सलाह दी गई है। पराली जलाने से वायु प्रदूषण बढ़ता है तथा मिट्टी में मौजूद लाभकारी सूक्ष्मजीवों एवं मित्र कीटों को नुकसान पहुंचता है। इससे मिट्टी की उर्वरा शक्ति भी प्रभावित होती है। फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन अपनाकर पर्यावरण संरक्षण के साथ खेतों की गुणवत्ता बनाए रखी जा सकती है।
विभाग के अनुसार, फसल अवशेषों को खेत में मिलाने से मिट्टी में जैविक तत्वों की मात्रा बढ़ाने में मदद मिलती है। किसान हैप्पी सीडर, सुपर सीडर एवं वेस्ट डी-कम्पोजर की सहायता से पराली का उचित प्रबंधन कर सकते हैं। इसके अलावा पराली का उपयोग पशुओं के चारे एवं जैविक खाद बनाने में भी किया जा सकता है। इससे मिट्टी की गुणवत्ता में सुधार, आगामी फसल की उत्पादकता बढ़ाने तथा खाद पर होने वाले खर्च को कम करने में सहायता मिल सकती है।
पराली प्रबंधन के लिए कृषि यंत्रों पर अनुदान
किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा पराली प्रबंधन को बढ़ावा देने के लिए रीपर, रीपर कम्बाइनर, सुपर सीडर, हैप्पी सीडर, स्ट्रॉ रीपर एवं रोटावेटर सहित विभिन्न कृषि यंत्रों पर अनुदान की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इन कृषि यंत्रों की सहायता से किसान फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन कर सकते हैं तथा पराली जलाने की आवश्यकता को कम कर सकते हैं।
उप संचालक, किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग, जिला अनूपपुर ने किसानों से अपील की है कि वे पराली जलाने के बजाय उसका उपयोग जैविक खाद बनाने एवं खेतों में मिलाने के लिए करें। पराली का उचित प्रबंधन मिट्टी की उर्वरा शक्ति बनाए रखने, वायु प्रदूषण कम करने तथा टिकाऊ कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने में सहायक होगा।

