नरवाई (पराली) जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने और फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) वारासिवनी श्री श्रीष प्यासी की अध्यक्षता में हार्वेस्टर संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में वारासिवनी, खैरलांजी एवं लालबर्रा विकासखंड के हार्वेस्टर संचालक तथा कृषि विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में एसडीएम श्री प्यासी ने सभी हार्वेस्टर संचालकों को निर्देशित किया कि वे अपने हार्वेस्टर में स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम (SMS) अनिवार्य रूप से लगवाएं, ताकि धान की कटाई के दौरान निकलने वाले फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि पराली प्रबंधन के निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाए और नरवाई जलाने की स्थिति निर्मित न होने दी जाए।

उन्होंने हार्वेस्टर संचालकों को सुपर सीडर, मल्चर, स्टेप सीडर एवं बेलर जैसी आधुनिक कृषि मशीनों के उपयोग को बढ़ावा देने के निर्देश भी दिए। इन उपकरणों के माध्यम से फसल अवशेषों का खेत में ही प्रबंधन कर उन्हें उपयोगी बनाया जा सकता है। इससे पराली जलाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और पर्यावरण प्रदूषण पर भी अंकुश लगेगा।

बैठक में वारासिवनी विकासखंड के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री भूपेंद्र मासूरकर, खैरलांजी की वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्रीमती ज्योति भिवंगड़े तथा लालबर्रा की वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्रीमती प्रीति पंदराम सहित तीनों विकासखंडों के हार्वेस्टर संचालक उपस्थित रहे। अधिकारियों ने पराली प्रबंधन के लिए शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा किसानों को भी इसके प्रति जागरूक करने पर जोर दिया।