कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान डिप्टी कलेक्टर श्री बीएस श्रीवास्तव एवं सुश्री मेघा तिवारी द्वारा जनसुनवाई करते हुए आवेदनों का निराकरण किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहें। जनसुनवाई के दौरान 121 आवेदन प्राप्त हुए।
इस अवसर पर ग्राम मयापुर निवासी दिव्यांग बालिका राजकुमारी आदिवासी पुत्री श्री सियाराम आदिवासी को दिव्यांग पेंशन स्वीकृत की गई। मूकबधिर बालिका के पिता श्री सियाराम आदिवासी द्वारा दिव्यांग पेंशन के लिए प्रस्तुत किये गये आवेदन पर डिप्टी कलेक्टर सुश्री मेघा तिवारी द्वारा तत्काल परीक्षण कराकर सामाजिक न्याय विभाग के माध्यम से पेंशन स्वीकृत करने की प्रक्रिया सुनिश्चित की गई, जिससे अब बालिका को प्रतिमाह 600 रूपये पेंशन का लाभ प्राप्त होगा।
जनसुनवाई के दौरान किसान सम्मान निधि अंतर्गत श्री शंकरलाल राठौर वार्ड 12 श्योपुर, श्रीमती राधा सुमन वार्ड 14 श्योपुर, श्री घनश्याम आदिवासी मयापुर, श्री राकेश मीणा नागदा एवं श्री प्रहलाद आर्य वार्ड 11 श्योपुर के प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर योजना के तहत लाभ प्रदान करने के निर्देश एसएलआर श्री कुलदीप बोहरे को दिये गये।
